
जमशेदपुर जुगसलाई थाना अंतर्गत टाटा पिगमेंट गेट के पास मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया. यहां तेज रफ्तार 407 ट्रक ने टाटा ऐस वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा ऐस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गया. हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई और जाम लग गया. बिष्टुपुर से लौट रहे थे कर्मचारी घटना के संबंध में टाटा ऐस चालक परीक्षित दास ने बताया कि वे टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) में कार्यरत हैं. वे गाड़ी लेकर बिष्टुपुर की ओर से जुगसलाई रोड की ओर जा रहे थे. उन्होंने बताया कि वाहन सामान्य गति से चल रहा था और वे आगे का रास्ता देखकर गाड़ी चला रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे 407 ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. चालक के अनुसार पीछे से इतनी तेज टक्कर लगी कि संभलने का मौका नहीं मिला, जिससे वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया. खलासी की गर्दन में चोट हादसे में टाटा ऐस में सवार खलासी को गर्दन में चोट आई है. घटना के तुरंत बाद उसे सड़क किनारे बैठाकर पानी पिलाया गया और बाद में स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया. चालक परीक्षित दास को भी हाथ में हल्की चोट आई है, हालांकि उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने 407 ट्रक को जब्त कर लिया है तथा उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. कुछ देर बाधित रहा यातायात हादसे के कारण टाटा पिगमेंट गेट के आसपास कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा. बताया जा रहा है कि ट्रक का चालाक नशे में था, जिस कारण यह हादसा हुआ.
