सरजमदा में विधायक फंड से बन रहे विकास भवन पर विवाद, ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से की शिकायत

Spread the love

जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत सरजमदा मौजा में विधायक फंड से बनने वाले विकास भवन को लेकर विवाद गहरा गया है. सोमवार को ग्राम प्रधान लखन मुर्मू के नेतृत्व में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल थाना प्रभारी से मिला और पूरे मामले से अवगत कराया. ग्रामीणों का कहना है कि भवन निर्माण को लेकर सही जानकारी और समुचित संवाद नहीं होने से क्षेत्र में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है. उनका आरोप है कि भवन को ‘प्रजापति भवन’ के नाम से प्रचारित किया जा रहा था, जिससे अन्य समुदायों में असंतोष फैल गया. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि सरजमदा आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां विभिन्न समुदायों के लोग निवास करते हैं. ऐसे में भवन का निर्माण किसी एक समुदाय विशेष के नाम पर नहीं बल्कि सभी के सामुदायिक उपयोग के लिए किया जाना चाहिए. ग्राम प्रधान लखन मुर्मू ने बताया कि बिना ग्रामसभा को सूचना दिए ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे विवाद की स्थिति बनी. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दे दी गई है और प्रशासन से उचित हस्तक्षेप की मांग की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *