
जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत लिडे कंपनी के समीप सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार सफेद इनोवा कार और एक ऑटो के बीच हुई जोरदार टक्कर में ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे नाले में जा पलटा। हालांकि राहत की बात यह रही कि ऑटो चालक और उसमें सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार ऑटो चालक टाटानगर स्टेशन से चार यात्रियों को रिजर्व लेकर साकची की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही इनोवा कार ने ऑटो को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सीधे नाले में जा गिरा, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और नाले में गिरे ऑटो चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ऑटो को भी बाहर निकाला गया। हादसे में ऑटो चालक को हल्की चोटें आई हैं, जबकि यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
