जुगसलाई की प्रिया शर्मा ने रचा इतिहास — उपविष्ठ कोणासन में 15 मिनट 11 सेकंड का विश्व रिकॉर्ड

Spread the love

जमशेदपुर, झारखंड: जुगसलाई की प्रतिभाशाली योग साधिका प्रिया शर्मा ने उपविष्ठ कोणासन (Upavistha Konasana) में 15 मिनट 11 सेकंड तक लगातार होल्ड कर Ingenious Charm World Records में अपना नाम दर्ज कराया है। यह गौरवमयी उपलब्धि न केवल जुगसलाई, बल्कि पूरे जमशेदपुर और झारखंड के लिए गर्व का क्षण है।

प्रिया शर्मा ने योग विषय में एम.ए. (MA in Yoga) की उपाधि जमशेदपुर विमेंस कॉलेज से प्राप्त की है। वर्तमान में वह बेंगलुरु स्थित Tranquil Wellness में योग इंस्ट्रक्टर के रूप में कार्यरत हैं। योग के साथ-साथ प्रिया एक दक्ष डांस इंस्ट्रक्टर भी हैं और ज़ुम्बा, कंटेम्पररी सहित कई नृत्य विधाओं में विशेषज्ञता रखती हैं।

इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड के बाद प्रिया ने कहा कि उनका उद्देश्य युवा पीढ़ी में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि जब देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी योग को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित कर रहे हैं, तो युवाओं की भी जिम्मेदारी है कि वे योग को अपनी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं।
उनके अनुसार, “आज की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का सर्वोत्तम मार्ग है।”

अपनी सफलता का श्रेय प्रिया ने अपने परिवार को दिया। उन्होंने विशेष रूप से अपनी मां रश्मि देवी शर्मा और चाचा रामजी शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निरंतर समर्थन, प्रेरणा और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है।
इसके साथ ही प्रिया ने अपने कोच मंदीप सिंह का भी हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि मंदीप सिंह के सही मार्गदर्शन, पोषण संबंधी सलाह तथा परफेक्ट फॉर्म पर ध्यान की वजह से ही यह विश्व रिकॉर्ड संभव हो पाया। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार दो महीनों की कड़ी मेहनत और अनुशासन ने उन्हें इस चुनौतीपूर्ण आसन को लंबे समय तक होल्ड करने में सक्षम बनाया।

योग पर प्रिया शर्मा का प्रेरक संदेश

“योग शरीर, मन और आत्मा का संगम है — इसे अपनाएँ और जीवन में संतुलन व शांति का अनुभव करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *