मानगो जवाहर नगर रोड नंबर 13बी स्थित पूरा बस्ती के लोग इन दिनों जलजमाव और गंदगी की समस्या से परेशान हैं।

इस इलाके में नाली जाम रहने और निकासी व्यवस्था ठप होने के कारण पूरे मोहल्ले में गंदा पानी फैल जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार मानगो नगर निगम में लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

इलाके के लोगों ने बताया कि बारिश न होने के बावजूद नालियों का गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। नाली की सफाई महीनों से नहीं हुई है, जिससे बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। स्कूल जाने वाले बच्चे और ट्यूशन पढ़ने वाले छात्र रोजाना इस गंदे पानी से होकर गुजरते हैं। यही नहीं, मस्जिद जाने वाले नमाजी भी जलजमाव से काफी परेशान हैं।

मोहल्ले के लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार बच्चों के गिरने और कपड़ों के गंदे होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। लोगों ने बताया कि पहले भी मानगो निगम के इंजीनियर और सफाई निरीक्षक को शिकायत दी गई थी, मगर हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, काम नहीं।

स्थानीय निवासी मुश्ताक अंसारी, परवेज आलम और साजिद खान ने कहा कि रोड नंबर 13बी पूरी तरह जर्जर हालत में है। गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, लेकिन निगम प्रशासन मौन है। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि बच्चों और बुजुर्गों को राहत मिल सके।

मानगो नगर निगम के अधिकारियों से इस विषय पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका कोई जवाब नहीं मिला। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नालियों की सफाई और सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो वे सामूहिक रूप से निगम कार्यालय के समक्ष धरना देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *