
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने दुर्गा पूजा के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों में आयोजित दर्जनों पंडालों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सरजमदा, एग्रिको, सिद्धगोड़ा, टेल्को, कदमा, गम्हरिया, सोनारी, परसुडीह, सुंदरनगर, भुईयाडीह, गोविंदपुर, बर्मामाइंस, भालूबासा समेत कई अन्य पूजा पंडालों में जाकर श्रद्धालुओं के बीच माँ दुर्गा का आशीर्वाद लिया और लोगों को संबोधित किया।
अपने संदेश में कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि “माँ दुर्गा ने महिषासुर का वध कर बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक प्रस्तुत किया था। हमें भी सबसे पहले अपने अंदर छिपे महिषासुर – यानी बुरी सोच, नकारात्मक विचार और गलत प्रवृत्तियों को खत्म करने का संकल्प लेना होगा।”
उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर एक बेहतर जमशेदपुर बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि अगर युवा पीढ़ी सही दिशा में चले तो शहर ही नहीं, पूरा राज्य और देश नई ऊँचाइयों को छू सकता है।
कुणाल षाड़ंगी ने दुर्गा पूजा की शुभकामनाएँ देते हुए सभी जमशेदपुर वासियों को हार्दिक बधाई दी और नगर में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की


