
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। हत्या, लूट, चोरी जैसी आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं और अपराधियों का हौसला बुलंद है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में केवल ट्रांसफर–पोस्टिंग का खेल चल रहा है और पुलिस सही ढंग से काम नहीं कर रही है। इसके कारण अपराधी किसी भी घटना को आसानी से अंजाम दे रहे हैं।
रघुवर दास ने झारखंड सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं और सुरक्षा को दरकिनार कर बालू, कोयला और खनिज की लूट में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में क्या हो रहा है, इससे सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता।
घाटशिला उपचुनाव पर बोलते हुए दास ने कहा कि घाटशिला झारखंड से बाहर नहीं है, इस बार जनता घाटशिला में सरकार को सबक सिखाएगी।
