
जानकारी के अनुसार, ऑटो में दो से तीन महिलाएं सफर कर रही थीं। तभी उसी ऑटो में बैठा एक शख्स, जो काफी नशे में धुत था, महिलाओं से जबरन बातचीत करने लगा और छेड़खानी की कोशिश करने लगा। शुरू में महिलाओं ने उसे अनदेखा किया, लेकिन जब वह लगातार बदतमीजी और अभद्र हरकतें करने लगा तो महिलाओं का सब्र टूट गया।
बताया जा रहा है कि महिलाओं ने तुरंत ऑटो चालक से गाड़ी रोकने को कहा। जैसे ही ऑटो रुका, उन्होंने शराबी व्यक्ति को नीचे खींचकर उतारा और मौके पर ही उसकी जमकर पिटाई कर दी। आसपास मौजूद लोग भी जुट गए और उन्होंने महिलाओं का साथ देते हुए शराबी युवक को पकड़ लिया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल से बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। देखते ही देखते यह वीडियो जमशेदपुर के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप और फेसबुक पेजों पर वायरल हो गया। लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अधिकांश लोगों ने महिलाओं की हिम्मत और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
