जमशेदपुर में नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के पार, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

Spread the love

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने स्थिति गंभीर बना दी है। स्वर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए खतरे के निशान को पार कर गया है। जिला प्रशासन ने दोनों नदियों के तटीय और डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे किसी भी परिस्थिति में नदी किनारे न जाएं और सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर शरण लें।

जानकारी के अनुसार, स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर आमतौर पर 121.50 मीटर पर खतरे का निशान पार करता है। शुक्रवार शाम को पर इसका जलस्तर 121.64 मीटर दर्ज किया गया। इसी तरह, खरकई नदी का सामान्य खतरे का स्तर 129 मीटर है, जबकि शुक्रवार को आदित्यपुर पुल स्थल पर इसका जलस्तर बढ़कर 130.15 मीटर तक पहुंच गया।

जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सक्रिय कर दिया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव दलों को भी तैयार रहने का निर्देश दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *