
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटा गया बैग, नकद रुपये और दस्तावेज बरामद किए हैं। साथ ही अपराध में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है।पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पाया गया कि आरोपी भागने के क्रम में अपनी बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए थे। पीड़ित मोहम्मद अनस ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात अपराधियों ने उनका बैग छीन लिया, जिसमें 10,200 रुपये नकद, एटीएम कार्ड और अन्य कागजात थे।जांच में पता चला कि जब्त बाइक कपाली गौस नगर निवासी मोहम्मद आसिफ अंसारी की है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 2200 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की और अपने साथी कलामुद्दीन उर्फ कलाम उर्फ सैफ का नाम उजागर किया।इसके बाद छापामारी कर पुलिस ने कलामुद्दीन को ओल्ड पुलिया रोड नंबर-15 से गिरफ्तार किया, जब वह उड़ीसा भागने की फिराक में था। उसके पास से लूटा गया बैग, यूनियन बैंक और IDBI बैंक के एटीएम कार्ड, ट्रेनी जॉब आईडी, पैन कार्ड और 500 रुपये नकद मिले।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कलामुद्दीन के खिलाफ पूर्व में भी मामला दर्ज है। पूरी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
