
मानगो थाना अंतर्गत आजाद नगर में सोमवार देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित 36 वर्षीय जोहर अली, रोड नंबर 7 मदीना मस्जिद के पास किराए के मकान में रहते हैं। उन्होंने मानगो थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि सोमवार देर रात वे अपनी तीन भतीजियों को लेकर आशियाना शहर से आजाद नगर लौट रहे थे मदीना मस्जिद के पास उनकी थार गाड़ी को सामने से एक बिना नंबर प्लेट वाली ब्रेजा कार ने टक्कर मारी। टक्कर के बाद कार सवार युवकों ने जोहर अली से धक्का-मुक्की की और उन्हें धमकाते हुए उनके पीछे-पीछे उनके घर तक पहुंचे। रोड नंबर 7 मदीना मस्जिद के नजदीक युवकों ने पत्थर से हमला कर उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया जोहर अली का आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टल लहराकर उन्हें डराने की कोशिश की। इस घटना से वे और उनके परिवार के सदस्य दहशत में हैं उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है मानगो थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, इलाके में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके
