
चांडिल रविवार को चांडिल डैम में नहाने के दौरान अल कबीर पॉलिटेक्निक के 21 वर्षीय छात्र मोहम्मद साहिल की डूबने से मौत हो गई। मृतक साहिल रामगढ़ जिले के बरकाकाना का निवासी था। वह कपाली स्थित अल कबीर- पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। रविवार की शाम को मोहम्मद साहिल अपने आठ दोस्तों के साथ चांडिल डैम घूमने आया था। सभी डैम में नहा रहे थे, इसी दौरान साहिल गहरे पानी में चला गया और उसका संतुलन बिगड़ने से डूब गया। घटना के समय उसके साथी उसे बचा नहीं सके। घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। रातभर की खोजबीन के बाद सोमवार सुबह साहिल का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है।