
जमशेदपुर सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित जंगल में मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से करीब तीन-तीन राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बिंदल मॉल रेस्टोरेंट गोलीकांड के दो कथित शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल बरामद किए हैं।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 26 सितंबर को सोनारी स्थित बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में तीन अपराधियों ने दिनदहाड़े घुसकर ताबड़तोड़ गोलीबारी की थी। इस घटना में चार लोग घायल हुए थे। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। फुटेज में तीन अपराधियों के बाइक से पहुंचने और उनमें से दो के रेस्टोरेंट के अंदर जाकर फायरिंग करने की बात सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि तीनों शूटरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। पुलिस ने तीनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने मंगलवार देर शाम दो मुख्य आरोपियों मोहन यादव और अजीत मंडल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल हथियार मरीन ड्राइव के जंगल में एक पेड़ के पीछे छिपाए गए हैं। इसके बाद पुलिस दोनों को हथियार बरामद करने के लिए जंगल में लेकर पहुंची थी।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दोनों आरोपियों ने मौका देखकर एक पुलिस जवान के कमर से पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। घटनास्थल को सील कर दिया गया है। मौके पर एसएसपी, सिटी एसपी, डीएसपी और थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि बिंदल मॉल गोलीकांड के शूटरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हथियार बरामद करने के दौरान पुलिस पर फायरिंग की गई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए। मामले की जांच जारी है