रांची में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख, भाजपा ने की दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

रांची के हरमू स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आदमकद प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोते जाने की घटना सामने आया है । जिसके बाद झारखंड भाजपा ने इसकी कड़ी निंदा की है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने घटना को लेकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए जीवन समर्पित करने वाले राष्ट्रीय व्यक्तित्व थे। उनकी प्रतिमा का अपमान गंभीर विषय है।

उन्होंने कहा कि प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोतने से डॉ. मुखर्जी के विचारों और उनके योगदान को कम नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। प्रतुल शाहदेव ने इस घटना को राज्य की कानून-व्यवस्था से भी जोड़ते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थल पर महापुरुष की प्रतिमा के साथ इस तरह की घटना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को यह पता लगाना चाहिए कि घटना के पीछे कौन लोग हैं और इसके पीछे कोई साजिश थी या नहीं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोतने वालों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा बड़ा आंदोलन करेगी। प्रतुल शाहदेव ने कहा, “लोकतंत्र में विचारों का मुकाबला विचारों से होता है, कालिख और कायराना हरकतों से नहीं।” उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से आवाज उठाएगी। भाजपा प्रवक्ता ने प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पूरी घटना के कारणों का खुलासा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *