हावड़ा-बड़बिल जन शताब्दी एक्सप्रेस के कोचों का हुआ कायाकल्प, यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं


कोलकाता : दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों को अधिक आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से 12021/12022 हावड़ा-बड़बिल जन शताब्दी एक्सप्रेस के कोचों का व्यापक उन्नयन किया है। अब यह महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक आंतरिक साज-सज्जा के साथ संचालित हो रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हावड़ा को झारखंड और उत्तरी ओडिशा के औद्योगिक एवं खनिज क्षेत्रों से जोड़ने वाली इस लोकप्रिय दैनिक ट्रेन के रेक में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। उन्नयन कार्य के तहत कोचों की सीटों की गद्दियां और कवर बदले गए हैं, जबकि खराब हो चुके आमरस्ट और रिक्लाइनर को भी नया रूप दिया गया है। इसके अलावा सेंटर टेबल, स्नैक ट्रे, छत और लगेज रैक की मरम्मत एवं नवीनीकरण किया गया है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त खिड़की फिटिंग और रोलर ब्लाइंड्स को बदला गया है। गैर-वातानुकूलित कोचों में नए पंखे, एलईडी लाइट और चार्जिंग सॉकेट लगाए गए हैं। वहीं वातानुकूलित कोचों में बेहतर रीडिंग लाइट, चार्जिंग प्वाइंट और अन्य आंतरिक सुविधाओं को उन्नत किया गया है।
रेलवे ने शौचालयों की स्थिति सुधारने पर भी विशेष ध्यान दिया है। इसके तहत नए फर्श, बेहतर जल फिटिंग, नवीनीकृत इंटीरियर और हाइजीन मैट की व्यवस्था की गई है, जिससे स्वच्छता के स्तर में सुधार होगा। कोचों के बाहरी हिस्से में भी पीयू पेंटिंग कराई गई है, जंग लगे हिस्सों का उपचार किया गया है तथा दरवाजों, खिड़कियों और गंतव्य संकेतक बोर्डों को बेहतर बनाया गया है।
दक्षिण पूर्व रेलवे का कहना है कि इस उन्नयन का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है। रेलवे को उम्मीद है कि इन सुधारों से प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उनका सफर पहले की तुलना में अधिक सुखद होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *