
जमशेदपुर: वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जुगसलाई थाना पुलिस ने आरपीएफ टाटानगर के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए 17.274 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है।
ग्रामीण एसपी शुभम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति बैग और सूटकेस लेकर जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक की ओर जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घोड़ा चौक के समीप संदिग्ध युवक को एक काले रंग के सूटकेस और फिरोजी रंग के बैग के साथ दबोच लिया। तलाशी के दौरान सूटकेस से 14 पैकेट और बैग से 3 पैकेट गांजा बरामद किया गया। कुल 17 पैकेटों में 17.274 किलोग्राम गांजा मिला।
गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के भोजपुर जिले के आरा (मुफस्सिल) थाना क्षेत्र अंतर्गत बारा गांव निवासी 22 वर्षीय मनीष यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक नीले रंग का आईफोन भी बरामद किया है।
बरामद गांजा को विधिवत जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।