टाटानगर स्टेशन के बाहर सड़क हादसे में युवक की मौत


जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के एग्जिट गेट के बाहर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के संजय नगर निवासी लाल यादव के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वह कचरा चुनकर अपना जीवनयापन करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 1:30 बजे लाल यादव टाटानगर रेलवे स्टेशन से बाहर निकलकर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वह डिवाइडर पार करने का प्रयास कर रहा था। तभी चाईबासा बस स्टैंड की ओर से जुगसलाई की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गया।
ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। वहीं हादसे के बाद ट्रेलर चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने स्टेशन क्षेत्र में बढ़ते भारी वाहनों के आवागमन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *