
जमशेदपुर सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मॉल के एक रेस्टोरेंट में बैठे चार युवकों को निशाना बनाकर बदमाशों ने गोलियां चला दीं। घटना में तीन युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज से मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। गोली लगने से घायल तीनों युवकों को आनन-फानन में टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।
फायरिंग के पीछे की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। प्रत्याशी विक्की दुबे ने बताया कि मैं जिम में प्रैक्टिस कर रहा था इस दौरान एक लड़का भागा हुआ आया और बचाव का आवाज करने लगा तुरंत अस्पताल लाया गया इस गोलीबारी में कुल तीन लोग घायल हुए हैं रिजवान दिलशाद और डोमिनिक सैमसंग इन तीनों को गोली लगी है फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है