
सराइकेला मे कच्चे रास्ते और गहरे नाले ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी, सालगाडीह-कारनीडीह के बीच पुलिया निर्माण की मांग 250 मीटर कच्ची सड़क से आवागमन प्रभावित, बरसात में स्कूली बच्चों पर मंडराता है हादसे का खतरा सराइकेला के ईचागढ़ सालगाडीह और कारनीडीह गांव के बीच कच्चे रास्ते तथा गहरे सरकारी नाले के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ईचागढ़ विधायक को आवेदन सौंपकर सड़क एवं पुलिया निर्माण कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों के अनुसार, सालगाडीह में सीताराम कुम्हार के घर से कारनीडीह निवासी फजिता गोराई के घर तक करीब 250 मीटर रास्ता पूरी तरह कच्चा है। इसी मार्ग के बीच एक सरकारी नाला है, जिसकी चौड़ाई करीब 50 फीट और गहराई 4 से 5 फीट बताई गई है। नाले में लगातार पानी का बहाव रहने के कारण लोगों को इसे पार करने में काफी दिक्कत होती है। बरसात में बढ़ जाता है खतरा ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। नाले में पानी का स्तर बढ़ने के साथ रास्ता भी कीचड़मय हो जाता है। ऐसे में स्कूली बच्चों को नाला पार कर स्कूल जाने में दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन का रास्ता है। ग्रामीणों ने विधायक से मांग की है कि उक्त मार्ग पर करीब 250 मीटर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए तथा सरकारी नाले पर आवश्यकतानुसार पुलिया का निर्माण कराया जाए। इससे ग्रामीणों और विद्यार्थियों को वर्षभर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। आवेदन सौंपने वालों में जितेंद्र नाथ कुम्हार, गया प्रसाद कुम्हार, शरणेंद्र नाथ कुम्हार और भुतेश चंद्र कुम्हार समेत अन्य ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों ने जनहित की इस समस्या पर शीघ्र पहल करते हुए सड़क और पुलिया निर्माण की स्वीकृति दिलाने की मांग की है।