
आदित्यपुर के बैंक कॉलोनी, माझी टोला वार्ड संख्या 15 स्थित दुर्गा मंदिर के पास नगर निगम द्वारा नाला निर्माण कार्य के दौरान गेल गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे इलाके में गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस फैलने से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब नगर निगम के कर्मचारियों से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कथित तौर पर कहा, “अभी आग तो नहीं लगी है।” इस जवाब से लोगों में और अधिक नाराज़गी फैल गई। लोगों का कहना है कि घटना के बाद मौके पर न तो कोई जनप्रतिनिधि, पार्षद या नेता पहुंचा और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि चुनाव के समय सभी नेता वोट मांगने आते हैं, लेकिन संकट की घड़ी में कोई भी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचता। उनका कहना है कि गैस रिसाव से बड़ा हादसा हो सकता था, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका थी।