
जमशेदपुर घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 1 सितंबर की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल परिवार का हालचाल जानने शुक्रवार को घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचे। विधायक ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर की रात करीब 9 बजे नशे की हालत में कार चला रहे एक चालक ने नदी पुल के पास एक ही परिवार के चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला पुल से नदी में जा गिरी, जबकि उसके पति और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से महिला को लगभग एक किलोमीटर आगे सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना में महिला का घुटना टूट गया तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद घायल महिला, उसके पति और दोनों बच्चों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान परिवार की 6 वर्षीय बच्ची श्रेया कृष्णा सिन्हा की मौत हो गई। बच्ची के शव को अस्पताल के शीतगृह में रखा गया है। वहीं, बच्ची के माता-पिता और भाई का इलाज अभी भी टीएमएच में जारी है।
अस्पताल पहुंचकर विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने चिकित्सकों से घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर मासूम बच्ची की मृत्यु पर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान पूर्व जिला प्रवक्ता गुरमीत सिंह गिल, सोनाराम सोरेन, विक्रम बेसरा, मंगल सोरेन, राहुल अग्रवाल, मनिंदर सिंह, संदीप शर्मा समेत अन्य लोग भी उपस्थित थे।
