जमशेदपुर पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान जारी, 28 लोगों को लौटाए गए खोए मोबाइल फोन

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “मुस्कान” के तहत खोए हुए मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार, 25 अगस्त को जिले के शहरी एवं ग्रामीण थाना क्षेत्रों में गुम हुए 28 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए।
मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने जिला पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और खुशी जाहिर की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से गुम हुए मोबाइल फोन की ट्रैकिंग कर उन्हें बरामद किया जा रहा है।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत अब तक जिले में कुल 3,233 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा ताकि लोगों की खोई हुई संपत्ति उन्हें वापस मिल सके।
जिला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना या सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे फोन की ट्रैकिंग और बरामदगी की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *