
गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नीचे पहाड़ीडीह गांव में बुधवार को ईद-ए-मिलाद-उन्नबी पर्व की तैयारी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर झंडा लगाने के दौरान हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सब्बीर अंसारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जाता है कि ईद-ए-मिलाद-उन्नबी को लेकर सब्बीर अंसारी अपने घर की छत पर झंडा लगा रहा था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली के तार के संपर्क में वह आ गया। बिजली का करंट लगते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया और छत पर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग तत्काल उसे उठाकर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सब्बीर को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग सदर अस्पताल पहुंच गए।
बताया जाता है कि सब्बीर की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है। ऐसे में कम उम्र में पति की मौत से पत्नी और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घर की छत के बेहद करीब से हाई वोल्टेज बिजली का तार गुजर रहा है। इसी वजह से झंडा लगाने के दौरान युवक उसकी चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह खुले और नजदीक से गुजर रहे हाई वोल्टेज तारों के कारण भविष्य में भी गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए घरों और आबादी वाले इलाकों के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तारों की जांच कराने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
युवक की असमय मौत से नीचे पहाड़ीडीह गांव में ईद-ए-मिलाद-उन्नबी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार के सामने अब गर्भवती पत्नी और आने वाले बच्चे की जिम्मेदारी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।