डीबीएमएस करियर अकादमी में यातायात सुरक्षा जागरूकता सत्र, 125 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

Spread the love


जमशेदपुर। डीबीएमएस करियर अकादमी में बुधवार को इंटरैक्ट क्लब ऑफ डीबीएमएस करियर अकादमी एवं रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में यातायात सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना था।
सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में डीएसपी ट्रैफिक जमशेदपुर नीरज कुमार एवं टाटा मोटर्स के हेड ऑफ सेफ्टी राहुल वाडिया उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने अनुभवों और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय भी बताए। इस अवसर पर करीब 125 विद्यार्थियों ने भाग लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की अध्यक्ष श्रीमती गीता मोहंदास द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। प्रधानाचार्या श्रीमती सोमा बनर्जी ने अतिथियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया। बताया गया कि यह जागरूकता कार्यक्रम प्रधानाचार्या की पहल और परिकल्पना का परिणाम है।
कार्यक्रम में विद्यालय की सचिव श्रीमती मीना सुंदरराज एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती मंजू कृष्णा भी उपस्थित रहीं। वहीं रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से अध्यक्ष श्रीमती गुरप्रीत कौर, डॉ. रीता झा और डॉ. जूही समर्पिता ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार, सजग और संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *