
जमशेदपुर: परसुडीह थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खकड़ीपाड़ा इलाके में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से करीब आधा किलो गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शशि कुमार भगत, निवासी गोविंदपुर बजरंगनगर के रूप में हुई है।
सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खकड़ीपाड़ा क्षेत्र में एक युवक द्वारा गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल शशि कुमार भगत को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह टाटा मोटर्स में ठेका कर्मी के रूप में काम करता है। आर्थिक परेशानी के कारण वह गांजा की खरीद-बिक्री के धंधे में शामिल हो गया था। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वह गोलमुरी निवासी बबलू सिंह नामक व्यक्ति से गांजा खरीदकर लाता था और फिर उसे स्थानीय स्तर पर बेचता था।
पुलिस अब आरोपी के बताए गए नेटवर्क के आधार पर गांजा की सप्लाई करने वाले व्यक्ति की भी तलाश कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कितने लोग शामिल हैं तथा गांजा की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।
पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार शशि कुमार भगत को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।