
गुमला पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह (कोरई गैंग) का सफाया करते हुए कुल 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सभी अभियुक्तों के द्वारा कई राज्यों में चोरी, छिनतई और लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है। गुमला के पालकोट और घाघरा में सोना व्यापारी से दो अलग-अलग मामलों में करोड़ों रुपए की लूट हुई थी, जिसका पुलिस ने उद्वेदन कर दिया है। इसी गिरोह के द्वारा पूरे लूटकांड को अंजाम दिया गया था। एसपी हारीश बिन जमा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पालकोट के बिल्डिंगबीरा से सबसे पहले 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके निशानदेही पर 4 अन्य लोगों को पकड़ा गया। इनके पास से करीब 70 ग्राम सोना, करीब डेढ़ किलो चांदी, 1 लाख 70000 रुपया नकद, एक देशी पिस्तौल, दो देसी कट्टा के अलावा मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद हुए हैं। एसपी ने आगे बताया कि गिरोह के कुछ छोटे सदस्य फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी अभियान चला रही है।