जमशेदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूल बस ने बच्ची को कुचला, मौत; दो घायल, लोगों ने किया सड़क जाम

Spread the love


जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृत बच्ची की पहचान भोला बागान निवासी रूही कुमारी (7) के रूप में हुई है। बताया गया कि रूही अपने परिवार के साथ अन्ना चौक के पास कार की धुलाई कराने पहुंची थी। इसी दौरान एसडी पब्लिक स्कूल की बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए बच्ची समेत तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में रूही गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं हादसे में रेहान (11) और रोशन शर्मा (21) भी घायल हुए हैं। दोनों का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है। घायलों की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना के बाद बस चालक मौके पर रुकने के बजाय बस लेकर वहां से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई और आसपास के थानों को बस की जानकारी दी गई। पुलिस ने पीछा करते हुए हुरलुंग स्थित टेल्को बीएड कॉलेज के पास बस को रोक लिया।
पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही अन्ना चौक और आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। बच्ची की मौत से लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी भी बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *