
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह नहर में 26 जुलाई को मिले महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दासमत बास्के (निवासी छोटा बांदुआ, थाना पोटका) के रूप में हुई है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया किआरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृतका उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह करीब 8:20 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि कलियाडीह नहर में एक महिला का शव पानी में तैरता हुआ मिला है। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में मृतका की पहचान किरण देवी (45 वर्ष), पति सुंदर प्रसाद, निवासी जुगसलाई बंगालीपाड़ा, राम मंदिर के समीप के रूप में हुई। मृतका के पुत्र घनश्याम सिंह ने शव की पहचान कर पुलिस को लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर दासमत बास्के पर संदेह जताया। इसके बाद 1 अगस्त को परसुडीह थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 238(ए) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि मृतका लगातार उससे शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी कारण उसने उसकी हत्या कर शव को कलियाडीह नहर में फेंक दिया ताकि मामला दुर्घटना या आत्महत्या जैसा लगे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टीवीएस स्कूटी (JH05EF-3277), एक काला टी-शर्ट, गुलाबी रंग का थैला तथा बैंगनी रंग का छींटदार ट्राउजर बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।