
जमशेदपुर: परसुडीह लोको फाटक के पास मंगलवार रात रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (SSE) जुनैल केरकेट्टा (44) पर अज्ञात बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने रेलकर्मी से मोबाइल, नकदी समेत अन्य सामान लूट लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि जुनैल केरकेट्टा नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद मेन यार्ड से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रेल पटरियों के पास बदमाश ने उन्हें रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर चोट लगी है। घटना मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है।
घायल SSE को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। परसुडीह पुलिस के साथ रेल पुलिस और आरपीएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाके और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है। हमले के पीछे लूट के अलावा कोई अन्य कारण था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद रेल कर्मचारियों ने यार्ड और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। कर्मचारियों का कहना है कि नाइट शिफ्ट में ड्यूटी करने वाले रेलकर्मियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे को गंभीर कदम उठाने चाहिए।
कर्मचारियों ने मांग की है कि यार्ड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही रात के समय पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाए, ताकि ड्यूटी से लौटने वाले रेलकर्मियों के साथ इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।