
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के खुंटाडीह में 21 वर्षीय युवक अजय कुमार यादव ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग उसे तत्काल फंदे से उतारकर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। अजय एक निजी कंपनी में कार्यरत था और उसकी असामयिक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।
मृतक के मामा रिंकू यादव ने आरोप लगाया कि अजय का कदमा निवासी एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। उनके अनुसार, युवती लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। मामा का दावा है कि दोनों के बीच ब्रेकअप होने के बावजूद युवती लगातार फोन कर अजय को परेशान करती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि युवती ने अजय से ₹25 हजार लिए थे और उसे ब्लैकमेल भी कर रही थी।
परिजनों का कहना है कि अजय के मोबाइल फोन में दोनों के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसकी जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल सोनारी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।