
सिमडेगा पुलिस ने चोरी की एक घटना का अनुसंधान करते हुए अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के दो शातिरों को धर दबोचा। चोरों के पास से चोरी की गई लाखों के जेवरात पुलिस ने बरामद किए हैं।
मामले में प्रेस वार्ता करते हुए एसपी सिमडेगा श्रीकांत एस खोटरे ने बताए कि सदर थाना क्षेत्र के हरिजन टोली में एक घर में चोरी की घटना हुई थी। जिसके संबंध में सदर थाना में कांड संख्या 92/2026 के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज की गई। इसके अनुसंधान के दौरान एसपी सिमडेगा को तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों से गुप्त सूचना मिली कि घटना के अभियुक्त चोरी किए गए सामान के साथ छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला में छिपे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी सिमडेगा ने डीएसपी हेड क्वार्टर रणवीर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित किए। पुलिस टीम के द्वारा जशपुर में छापामारी करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के शातिर अनिकेत टोप्पो को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के स्वीकृति बयान के आधार पर कांड में शामिल एक और अभियुक्त सैफ अली को पुलिस ने गांधी नगर गुमला से गिरफ्तार किया। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के निशानदेही पर पुलिस ने 150 ग्राम सोने के आभूषण और एक किलो से अधिक चांदी के आभूषण बरामद किए। इसके साथ पुलिस ने इनके पास से चोरी की घटना में प्रयुक्त बाइक, औजार आदि भी बरामद किए। इसके अलावा चोरो द्वारा चोरी के कुछ आभूषण बेचकर बैंक में रखे तीन लाख रुपए को पुलिस ने फ्रिज करवा दिया है। एसपी ने बताए कि इन चोरों के विरुद्ध सिमडेगा में पांच अलग अलग मामले दर्ज थे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ आदि में भी इनके विरुद्ध 06 मामले दर्ज किए गए थे। जिसमें ये पूर्व में जेल जा चुके है। इस गिरोह के अन्य लोगों की तलाश में पुलिस जुटी है।