जमशेदपुर: जाकिरनगर में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पति से फोन पर बात के बाद उठाया कदम


जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के जाकिरनगर में रविवार सुबह एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अकीदा खातून (28) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अकीदा खातून जाकिरनगर में अपनी बहन के साथ रहती थी। उसका पति राजा हैदराबाद में काम करता है और पिछले करीब चार महीने से घर नहीं आया था। रविवार सुबह करीब 7 बजे अकीदा ने अपने पति राजा से फोन पर बातचीत की थी। बातचीत खत्म होने के कुछ समय बाद उसने कथित तौर पर फांसी लगा ली।
महिला के इस कदम से परिवार में मातम पसर गया। घटना की सूचना मिलने के बाद आजादनगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने महिला के आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे घरेलू विवाद, पारिवारिक परेशानी या कोई अन्य कारण था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *