परसुडीह थाना से 100 मीटर दूर होटल में चोरी, ताला तोड़ नकदी, गैस सिलेंडर और सामान ले उड़े चोर

Spread the love


जमशेदपुर: शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला परसुडीह थाना क्षेत्र का है, जहां थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक होटल को शनिवार देर रात निशाना बनाया गया। चोर दुकान का ताला तोड़कर नकदी समेत हजारों रुपये मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक हेल्थ केयर सेंटर के नीचे संचालित होटल के मालिक पशुपति नाथ शनिवार रात दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे होटल पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
चोर होटल से दो गैस सिलेंडर, 1,300 रुपये नकद, पानी की पांच पेटी, कोल्ड ड्रिंक की तीन पेटी, बड़ी मात्रा में लाहौरी जीरा, पान मसाला, सिगरेट और अन्य खाद्य सामग्री चोरी कर ले गए। होटल संचालक के अनुसार, चोरी से उन्हें हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना के इतने करीब चोरी की वारदात होना पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने इलाके में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *