जमशेदपुर डिमना लेक तालाब में बड़ा हादसा. एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टर डूबे, तलाश जारी.

Spread the love

जमशेदपुर: बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक के तालाब में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया. एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टर लेक में डूब गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों डॉक्टरों की तलाश शुरू कर दी. समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका था.

मिली जानकारी के अनुसार एमजीएम अस्पताल के तीन जूनियर डॉक्टर समीर, यश और सक्षम शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए डिमना लेक पहुंचे थे. इसी दौरान तीनों तालाब की ओर पहुंचे जो प्रतिबंधित क्षेत्र माना जाता है. यहां एक डॉक्टर का मोबाइल लेक में गिर गया. मोबाइल निकालने के प्रयास में तीनों गहरे पानी की ओर चले गए.

बताया जा रहा है कि यश किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे. जबकि समीर और सक्षम गहरे पानी में डूब गए. सक्षम डाल्टेनगंज के रहनेवाले बताये जा रहे हैं जबकि समीर जमशेदपुर के काशीडीह और यश सोनारी के रहने वाले हैं. तीनों एमजीएम मेडिकल कॉलेज में रहकर पढ़ाई करते थे.

घटना की सूचना मिलने के बाद बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया. डिमना लेक में दोनों डॉक्टरों की तलाश लगातार जारी है. पुलिस का कहना है कि रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है और दोनों का पता लगाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है.

घटना की खबर मिलते ही एमजीएम अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में भी चिंता का माहौल है. बड़ी संख्या में लोग डिमना लेक पहुंच गए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रेस्क्यू अभियान के दौरान अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *