
चक्रधरपुर (पश्चिमी सिंहभूम): पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में एनएच-75 रांची-चाईबासा मार्ग स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में गुरुवार देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाश शोरूम में सेंध लगाकर बड़ी संख्या में महंगे स्मार्टफोन, आईफोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर फरार हो गए। शुरुआती अनुमान के अनुसार चोरी से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि चोरी गए सामान का अंतिम आकलन अभी किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बदमाश शोरूम के ऊपरी हिस्से में बने वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद लोहे की ग्रिल और शटर को औजारों की मदद से क्षतिग्रस्त कर शोरूम में प्रवेश किया। अंदर पहुंचने के बाद उन्होंने डिस्प्ले काउंटर और रैक में रखे महंगे मोबाइल फोन, आईफोन, लैपटॉप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान समेट लिया। वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि अपराधियों ने पहले से शोरूम की रेकी की थी।
शुक्रवार सुबह जब दुकान संचालक रोजाना की तरह शोरूम खोलने पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और कई मोबाइल के खाली बॉक्स फर्श पर पड़े मिले, जबकि महंगे गैजेट्स गायब थे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बदमाश सबूत मिटाने की कोशिश में शोरूम में लगा सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। अब पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।