डिमना डैम में नहाने के दौरान युवक की डूबने से मौत, परिवार में पसरा मातम

Spread the love


जमशेदपुर: शहर के डिमना डैम में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनारी कागलनगर निवासी आयुष कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे माहौल में गम का माहौल छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार आयुष कुमार शुक्रवार सुबह अपने छोटे भाई पीयूष के साथ डिमना डैम घूमने गया था। घूमने के दौरान दोनों भाई डैम में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान आयुष अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगा। छोटे भाई ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
बताया जाता है कि आयुष एक निजी कंपनी में कार्यरत था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमार्टम हाउस में मां और छोटे भाई की चीख-पुकार ने मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं।
बोड़ाम थाना पुलिस ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डैम, नदी और अन्य जलाशयों में नहाने के दौरान पूरी सतर्कता बरतें तथा गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *