
सरायकेला: पुलिस अधीक्षक को मिले गुप्त सूचना पर कपाली ओपी पुलिस ने गुरुवार देर शाम एक बोलेरो वाहन से तीन गाय बरामद की हैं. कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन संख्या OR09O- 3887 में मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस ने पुड़ीसिल्ली क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही चालक तेज रफ्तार से वाहन लेकर कपाली की ओर भाग निकला. इसके बाद पुलिस ने बोलेरो का पीछा किया. पीछा किए जाने के दौरान चालक हासमी मोहल्ला में वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें तीन गाय बरामद हुईं. इसके बाद मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में लेते हुए बोलेरो को जब्त कर लिया गया. कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि फरार चालक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. उसकी गिरफ्तारी के बाद विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है.
