बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ कराएगा 1001 श्रद्धालुओं की नि:शुल्क कांवर यात्रा, 20 जुलाई से होगा पंजीयन

Spread the love


जमशेदपुर: सावन माह में भगवान शिव के भक्तों के लिए बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ एक बार फिर नि:शुल्क कांवर यात्रा का आयोजन करने जा रहा है। इस वर्ष संघ की ओर से 1001 शिवभक्तों को सुल्तानगंज से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम तक नि:शुल्क कांवर यात्रा कराई जाएगी। इसकी जानकारी साकची स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को जमशेदपुर से 1001 श्रद्धालुओं का जत्था बसों के माध्यम से सुल्तानगंज के लिए रवाना होगा। इस यात्रा में मानगो, साकची, बिष्टुपुर, कदमा और सोनारी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा के लिए पंजीयन 20 जुलाई से शुरू होगा और “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर सीटें आरक्षित की जाएंगी। पंजीयन के लिए आयु सीमा 18 वर्ष से 60 वर्ष निर्धारित की गई है।
विकास सिंह ने बताया कि सभी पंजीकृत श्रद्धालुओं को फोटो एवं मोबाइल नंबर युक्त पहचान पत्र दिया जाएगा। इसी पहचान पत्र के आधार पर यात्रा के दौरान आरक्षित धर्मशालाओं, विश्राम स्थलों तथा अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सभी कांवरियों के लिए एक समान ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है, जिससे भीड़ में भी उनकी पहचान आसानी से हो सके।
उन्होंने बताया कि सुल्तानगंज से देवघर तक पैदल कांवरिया पथ पर विभिन्न धर्मशालाओं एवं निजी विश्राम स्थलों को पहले से आरक्षित कर लिया गया है। प्रत्येक पड़ाव पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन, चिकित्सा, विश्राम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था रहेगी। यात्रा का मुख्य आकर्षण ईनारावरण स्थित भूतनाथ धर्मशाला में छत्तीसगढ़ के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली रावण वध की जीवंत झांकी होगी।
संघ की ओर से बस, धर्मशाला, भोजन, स्वास्थ्य सेवा तथा अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण के बाद श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ धाम के भी दर्शन करेंगे। यह पूरी यात्रा आठ दिनों की होगी, जिसके बाद सभी श्रद्धालु सकुशल जमशेदपुर लौटेंगे।
पंजीयन के लिए मानगो में किशोर वर्मन (8540986994), सोनारी में कृष्ण सिंह (9334644378) तथा कदमा में विक्रम यादव (8092278440, 8210320937) से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *