डीडी बार हमले में बड़ा एक्शन, मालिक नीरज सिंह समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर के चर्चित डीडी बार के बाहर 27 जून की रात हुए जानलेवा हमले के मामले में एसआईटी को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में डीडी बार के मालिक नीरज सिंह समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राजस्थान और ओडिशा में छापेमारी कर की गई इस कार्रवाई के बाद अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। 27 जून 2026 की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के समीप हुए जानलेवा हमले के मामले में गठित विशेष अनुसंधान दल यानी एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीडी बार के मालिक नीरज सिंह समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान पहले ही इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका था। वहीं अब पुलिस ने राजस्थान के सीकर जिले के खाटू श्याम से नीरज सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार कर जमशेदपुर लाया। इसके अलावा ओडिशा के रायरंगपुर से सुदर्शन मंडल उर्फ लाल्टू और राजेश मंडल को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि नीरज सिंह के खिलाफ वर्ष 2022 में कदमा थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *