जमीनी विवाद में दिनदहाड़े अधेड़ की लाठी डंडे पीट पीटकर उतारा मौत के घाट, पिटाई का वीडियो वायरल।

Spread the love

हंटरगंज में रूह कंपाने वाली वारदात: जमीन विवाद में भाई बना ‘कातिल’, खेत में दिनदहाड़े पीट-पीटकर निर्मम हत्या, वीडियो वायरल
चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। डटमी गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक शख्स की दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्यारे कोई और नहीं, बल्कि मृतक का सगा भाई और उसके परिजन हैं। इस सनसनीखेज वारदात का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे आरोपियों ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। जानकारी के अनुसार, डटमी गांव के कैलाश यादव और उनके भाई विलास यादव के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे कैलाश विवादित खेत में हल चला रहे थे। तभी विलास यादव अपने परिवार के साथ वहां पहुंचा और विवाद शुरू हो गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि 3 पुरुष और 2 महिलाएं नीचे गिरे हुए कैलाश पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार कर रहे हैं। अकेले होने के कारण कैलाश अपना बचाव नहीं कर सके और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मृतक के बेटे सिकंदर की शिकायत पर फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *