
रथ यात्रा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर हिंदू पीठ की विशेष समिति ने मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। समिति ने प्रशासन से आग्रह किया कि 16 अगस्त को आयोजित होने वाली विभिन्न रथ यात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए जाएं।
हिंदू पीठ के अध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि पहले जहां शहर में सीमित स्थानों से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाती थी, वहीं अब जमशेदपुर के लगभग 9 से 10 स्थानों से भव्य रथ यात्राएं आयोजित होती हैं। प्रत्येक वर्ष भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा के दर्शन तथा रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इनमें महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भागीदारी भी पहले की अपेक्षा अधिक हो गई है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि रथ यात्रा मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था, सुचारु ट्रैफिक प्रबंधन, साफ-सफाई, बड़े पेड़ों की छंटाई, नीचे लटक रहे केबल एवं बिजली के तारों को हटाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवा और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी रथ यात्रा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का समय रहते समाधान करने की भी अपील की गई।
अरुण सिंह ने कहा कि जिन स्थानों पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ उमड़ती है, वहां अनुभवी रथ सेवकों की तैनाती की जानी चाहिए, ताकि रथ यात्रा का संचालन सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन और सभी रथ यात्रा समितियों के सहयोग से इस वर्ष भी जमशेदपुर की रथ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न होगी।
इस वर्ष 16 अगस्त को बिष्टुपुर राम मंदिर, साकची, कदमा, उत्कल क्लब, बेल्डीह नागा मंदिर, न्यू बाराद्वारी गांधी आश्रम, बड़ा हनुमान मंदिर मानगो, जुगसलाई रथ गली, जगन्नाथ मंदिर परसुडीह, ह्यूमपाइप बस्ती तथा गोलमुरी नामदा बस्ती कालीबाड़ी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्राएं निकाली जाएंगी।