गिरिडीह में मजदूर का गला रेतकर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में धनबाद रेफर हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

Spread the love

गिरिडीह: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिमरियाधौरा गांव में एक मजदूर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल की पहचान गांव निवासी मो. मकसूद के रूप में हुई है। अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से उसका गला रेतकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, मो. मकसूद रोज की तरह मजदूरी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने पीछे से उस पर हमला कर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि घायल मकसूद सड़क किनारे गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उसे तत्काल सदर अस्पताल, गिरिडीह ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
मामले में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *