चाईबासा में खेत की जुताई के दौरान मिला 30 किलो का संदिग्ध विस्फोटक, इलाके में मचा हड़कंप

Spread the love

चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव स्थित मुंडा टोला में मंगलवार सुबह खेत की जुताई के दौरान करीब 30 किलोग्राम वजनी संदिग्ध विस्फोटक मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, किसान विजय हेंब्रम अपने खेत में मक्के की खेती की तैयारी करवा रहे थे. इसी दौरान ट्रैक्टर से जुताई करते समय हल किसी धातुनुमा वस्तु से टकरा गया. चालक शिवचरण महतो और किसान ने पहले उसे सामान्य धातु का टुकड़ा समझकर खेत के किनारे रख दिया.

बाद में ग्रामीणों ने वस्तु को ध्यान से देखा तो उसके आकार को देखकर आशंका जताई कि यह कोई पुराना बम या विस्फोटक हो सकता है. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और गांव में दहशत का माहौल बन गया.

घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचने के लिए रवाना हुई. प्रारंभिक तौर पर यह वस्तु किसी मोर्टार या तोप के गोले जैसी दिखाई दे रही है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

पुलिस और संबंधित विशेषज्ञों द्वारा जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद वस्तु वास्तव में विस्फोटक है या नहीं. फिलहाल एहतियात के तौर पर लोगों को संदिग्ध वस्तु से दूर रहने की सलाह दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *