चाकुलिया में दो ट्रेलरों की भीषण टक्कर के बाद लगी आग, दोनों चालक घायल

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चाकुलिया-माटिहाना मुख्य सड़क पर दीघी स्थित एसजी एग्रो फूड प्रोडक्ट्स राइस मिल के समीप दो ट्रेलरों की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे एक ट्रेलर ओडिशा के क्योंझर से लौह अयस्क लेकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर पश्चिम बंगाल के आसनसोल से फायर ब्रिक्स लोड कर ओडिशा के अंगुल की ओर जा रहा था। इसी दौरान राइस मिल के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों ट्रेलरों में आग लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। वहीं एसजी एग्रो फूड प्रोडक्ट्स के संचालक अविनाश सुरेका और उनके कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, जिससे आग को फैलने से रोकने में काफी मदद मिली।
सूचना मिलने पर चाकुलिया थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और तत्काल बहरागोड़ा से दमकल वाहन मंगवाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
हादसे में ट्रेलर चालक करमचंद तथा दूसरे ट्रेलर के चालक लालू यादव घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *