सिदगोड़ा में पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामा, युवक घायल होने पर लोगों ने घेरा पुलिस वाहन

Spread the love

जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस कार्रवाई के दौरान तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। एक युवक के घायल होने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस वाहन को घेरकर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस्ती क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना की पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची थी। पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाना ले जाने की प्रक्रिया में जुटी थी। इसी दौरान वहां मौजूद रवीश ठाकुरनामक युवक को वाहन में बैठाने के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित रूप से धक्का दिए जाने की बात सामने आई।
धक्का लगने से रवीश ठाकुर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप था कि धक्का देने वाला पुलिसकर्मी नशे की हालत में था और युवक के साथ जबरदस्ती की जा रही थी। लोगों ने घायल युवक के साथ हुई घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अकरम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद देर रात स्थिति सामान्य हो सकी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *