
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित एन रोड में शनिवार दोपहर शातिर ठगों ने पुलिसकर्मी बनकर एक महिला को झांसे में लिया और करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एम रोड स्थित क्वार्टर में रहने वाली प्रकाश कौर पैदल एन रोड से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने उन्हें रोककर बताया कि पीछे खड़ा व्यक्ति उन्हें बुला रहा है। जब वह उसके पास पहुंचीं तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि बिष्टुपुर इलाके में हत्या की घटना हुई है और ऐसे माहौल में गहने पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है।
ठग की बातों के बीच एक अन्य व्यक्ति भी वहां पहुंचा और भरोसा दिलाने के लिए अपने गले से सोने की चेन निकालकर कथित पुलिसकर्मी को सौंप दी। दोनों की बातों में आकर प्रकाश कौर ने अपने सोने के कंगन और अंगूठी उतार लिए। इसी दौरान कथित पुलिसकर्मी ने एक कागज निकालकर गहनों को उसमें लपेटकर रखने की सलाह दी। बातचीत के दौरान उसने बेहद चालाकी से कागज बदल दिया और असली गहने लेकर फरार हो गया।
कुछ दूरी तय करने के बाद जब प्रकाश कौर ने कागज खोला तो उसमें नकली गहने देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़िता के बेटे जगदीप सिंह ने बताया कि ठग करीब दो लाख रुपये के गहने लेकर फरार हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान में जुट गई है। पुलिस लोगों से सतर्क रहने और अजनबियों की बातों में नहीं आने की अपील कर रही है।