बोकारो में ठेका कर्मी के साथ बर्बरता, घर में घुसकर मारपीट; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Spread the love

बोकारो: जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित कुर्मीडीह में मंगलवार देर रात एक ठेका कर्मी के साथ कथित रूप से बेहद क्रूर हिंसा की घटना सामने आई है। आरोप है कि रात करीब 1:30 बजे चार नकाबपोश बदमाशों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में अकेले सो रहे बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के ठेका कर्मी सुरेश साव को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा।
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने उसके साथ गंभीर शारीरिक उत्पीड़न भी किया। मारपीट के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि बदमाश उसे अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए।
सुबह होश आने के बाद सुरेश साव ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बालीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित का बयान दर्ज किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पीड़ित सुरेश साव ने बताया कि उसकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। वह बाहर से आकर बोकारो में रहकर काम करता है। हालांकि उसने आशंका जताई कि किसी पुरानी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। चूंकि सभी हमलावर नकाब पहने हुए थे, इसलिए उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *