पति से विवाद के बाद महिला ने कुएं में लगाई छलांग, 6 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा; बच्चे की गुहार भी नहीं आई काम

Spread the love

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। पति से विवाद के बाद एक महिला कुएं में कूद गई और करीब छह घंटे तक पानी के बीच बैठकर बाहर आने से इनकार करती रही। इस दौरान महिला लगातार पुलिस को बुलाने और अपनी सुरक्षा की गारंटी देने की मांग करती रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला मंझौल चट्टी रोड स्थित वार्ड संख्या-12 के शिव मंदिर परिसर के पास का है। बताया जा रहा है कि सुजीत कुमार भारती की पत्नी सीमा कुमारी का किसी बात को लेकर अपने पति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद गुस्से में आकर सीमा घर के पास स्थित कुएं में कूद गई। सौभाग्य से कुएं में पानी कम होने के कारण उसकी जान बच गई।
घटना के बाद कुएं के अंदर बैठी महिला लगातार पुलिस बुलाने और सुरक्षा का भरोसा देने की मांग करती रही। वह अपने पति पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप भी लगाती रही। इस दौरान कुएं के ऊपर मौजूद उसका छोटा बच्चा रो-रोकर मां से बाहर आने की गुहार लगाता रहा, लेकिन महिला अपनी जिद पर अड़ी रही।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने रस्सी, बांस और सीढ़ी के सहारे महिला को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन उसने बाहर आने से साफ इनकार कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंझौल थाना की एसआई रितिका कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने काफी देर तक महिला को समझाया और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थानीय युवक नवीन पासवान और अनिल सहनी सीढ़ी के सहारे कुएं में उतरे और महिला को रस्सी से बांधकर सुरक्षित बाहर निकाला।
महिला को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, कुछ समय पहले महिला के भाई की मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में थी और उसका इलाज भी चल रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है, जबकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *