जुगसलाई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा युवक गिरफ्तार, कार से कारतूस और मैगजीन बरामद

Spread the love

जमशेदपुर: जुगसलाई थाना पुलिस ने हथियार और कारतूस की अवैध सप्लाई करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में गिरोह के नेटवर्क और अन्य सदस्यों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आएगी।
DSP अमित कुमार, ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आजादनगर निवासी 27 वर्षीय सैयद अदनान मिर्जा को गिरफ्तार किया। आरोपी को एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार के साथ पकड़ा गया।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान पिछली सीट के नीचे बनाए गए एक गुप्त खांचे से दो पिस्टल मैगजीन और चार जिंदा 7.65 एमएम कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और कार को भी जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर आपराधिक तत्वों और गिरोह के सदस्यों को हथियार एवं कारतूस उपलब्ध कराने का काम करता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और हथियारों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी हुई है।
इस संबंध में जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जा सकती है।
पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *