टीएमएच गोलचक्कर पर दमकल वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत

Spread the love

जमशेदपुर बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित टीएमएच के पास गोलचक्कर पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार युवक की दमकल वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मो. हुसाम अख्तर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मो. हुसाम अख्तर अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टीएमएच गोलचक्कर के पास उनकी बाइक टाटा स्टील के दमकल वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक वाहन के चक्के के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल घटनास्थल से निकालकर एक टेंपो के माध्यम से इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दमकल वाहन बिष्टुपुर की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार युवक यूनाइटेड क्लब की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान गोलचक्कर पर दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और हादसा हो गया। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *